डबरा में कुछ दिन पहले हुई एक महिला की मौत का रहस्य अब सुलझ गया है। पुलिस की गहन जांच पड़ताल के बाद यह खुलासा हुआ है कि महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। आरोपी पति ने अपनी पत्नी का गला तकिए से दबाकर मौत के घाट उतार दिया था।

घटना 16 जुलाई की है, जब पुलिस को रिलायंस पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाली गीता जाटव की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पति धर्मेंद्र जाटव ने बताया था कि गीता ने तबीयत खराब होने पर कोई दवा खाई थी, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस ने शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत दम घुटने के कारण हुई थी। इसी बीच, पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की, जहां कमरे में रखे तकिए पर खून के निशान मिले। इन सबूतों ने पति धर्मेंद्र पर पुलिस का संदेह और गहरा कर दिया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के वक्त कमरे में गीता के पति धर्मेंद्र और उनके छोटे बच्चे ही मौजूद थे। इसके बाद, पुलिस ने धर्मेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार, धर्मेंद्र ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। घटना वाली रात शराब के नशे में दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसी दौरान उसने तकिए से मुंह दबाकर गीता की हत्या कर दी।

इस जघन्य वारदात का खुलासा पुलिस ने घटना के चार दिन बाद किया। पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई

इस पूरे मामले को सुलझाने में शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा, गिजौर्रा थाना प्रभारी उपेंद्र धाकड़, सब इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा, प्रधान आरक्षक शिवशांत पांडे, संजीव यादव, दिनेश सिंह और आरक्षक विनोद रावत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।