डबरा और टेकनपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्वालियर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नेशनल हाईवे पर बने समूदन और भरथरी फ्लाईओवर पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की कीमती कॉपर केबल चोरों द्वारा काट कर चुरा ली गई है।
एक लाख रुपए से अधिक की केबल पार
मिली जानकारी के अनुसार शातिर चोरों ने सुनियोजित तरीके से दोनों फ्लाईओवरों पर धावा बोला और कुल तीन-तीन खंभों के बीच से बिजली की केबल निकालकर फरार हो गए। चोरी गई इन कॉपर केबलों की कुल अनुमानित कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है।
एक महीने के भीतर दोनों फ्लाईओवरों को बनाया निशाना
घटना के विवरण के मुताबिक करीब एक महीना पहले अज्ञात बदमाशों ने भरथरी फ्लाईओवर पर तीन खंभों के बीच की केबल चोरी की थी। इस घटना के बाद भी सुरक्षा इंतजामों में सुधार नहीं हुआ, जिसका फायदा उठाकर बीते सप्ताह चोरों ने समूदन फ्लाईओवर पर भी इसी तरह तीन खंभों के बीच की केबल पर हाथ साफ कर दिया।
हाइवे पेट्रोलिंग वैन के कर्मचारियों ने जब मौके का निरीक्षण किया तब इस चोरी का खुलासा हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टेकनपुर पुलिस चौकी और डबरा थाने में लिखित आवेदन सौंपे हैं।
अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का बढ़ गया खतरा
राष्ट्रीय राजमार्ग पर हर वक्त भारी वाहनों का भारी दबाव रहता है। फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने और अंधेरा छाने के कारण रात के समय सफर करने वाले वाहन चालकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे बड़े सड़क हादसों की आशंका भी बढ़ गई है।
क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों और नियमित राहगीरों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाइवे पर रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। इसके साथ ही जल्द से जल्द चोरी हुई केबलों को ठीक करवाकर लाइटें दोबारा चालू कराई जाएं ताकि किसी भी अप्रिय हादसे को टाला जा सके।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!