स्वच्छता अभियानों के दावों की खुली पोल
भितरवार नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर किए जा रहे दावों की पोल अब सड़कों पर लगे कचरे के ढेरों ने खोल दी है। शहर से निकलने वाले कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। मुख्य मार्गों और सड़कों के किनारे खुले में फेंका जा रहा कचरा आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।
सड़क किनारे डाला जा रहा है वार्डों का कचरा
स्थानीय निवासियों और राहगीरों के अनुसार, सफाई कर्मचारी विभिन्न वार्डों से कचरा एकत्र तो करते हैं, लेकिन उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बजाय मुख्य मार्गों के किनारे ही डाल देते हैं। सड़कों पर सड़ रहे कचरे और प्लास्टिक के कारण उठने वाली तीव्र बदबू से आसपास रहना और वहां से गुजरना अत्यंत कठिन हो गया है। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को मुंह पर कपड़ा रखकर निकलना पड़ रहा है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई ठोस कार्रवाई
क्षेत्र के नागरिकों ने इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत कराया है, परंतु अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। रहवासियों ने मांग की है कि सड़क किनारे कचरा फेंकने की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए उचित डंपिंग साइट तय की जाए।
जल्द कचरे को सड़कों से हटाया जाएगा। डंपिंग यार्ड तक नगर से निकलने वाले कचरे को पहुंचाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। - रीता कैलाशिया, सीएमओ, नगर परिषद भितरवार






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!