डबरा शहर समेत आसपास के ग्रामीण अंचलों में विजयादशमी का पावन पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के इस विशेष अवसर पर स्थानीय पुलिस थाना परिसरों में भी धार्मिक अनुष्ठान और पूजन का आयोजन किया गया।

डबरा सिटी थाने में हुआ विधि-विधान से पूजन

डबरा सिटी थाना परिसर में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना के दौरान थाना प्रभारी संजय शर्मा ने मुख्य यजमान की भूमिका निभाई। पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूरी रीति-नीति के साथ पूजन संपन्न कराया गया। थाना प्रभारी ने विधि-विधान से आहुतियां दीं और आरती उतारकर क्षेत्र में अमन-चैन व समृद्धि की प्रार्थना की।

शस्त्रों और शासकीय वाहनों की हुई पूजा

दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की प्राचीन परंपरा का निर्वहन करते हुए थाने के सभी छोटे-बड़े हथियारों को साफ कर पूजा स्थल पर सुसज्जित किया गया। थाना प्रभारी ने हथियारों पर तिलक लगाकर, कलावा बांधकर और पुष्प अर्पित कर उनका पूजन किया। इसके साथ ही पुलिस के शासकीय वाहनों को भी फूलों से सजाकर उन पर स्वास्तिक बनाया गया और आरती उतारी गई।

इसी प्रकार डबरा के देहात थाना परिसर में भी दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने समस्त स्टाफ के साथ शस्त्रागार में जाकर शस्त्रों का पूजन किया तथा वाहनों की पूजा-अर्चना कर पुलिसकर्मियों को पर्व की बधाइयां दीं। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने भी सभी पुलिसकर्मियों और नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने में शस्त्र तथा वाहन दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

क्षत्रिय महासभा ने आयोजित किया दशहरा मिलन समारोह

डबरा में क्षत्रिय महासभा द्वारा दशहरा मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान पारंपरिक रूप से विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन संपन्न हुआ और सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने पर जोर दिया गया। इस कार्यक्रम में क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष सरदार सिंह तोमर, सत्य प्रकाश सिंह भदौरिया, मानवेन्द्र सिंह भदौरिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह राजावत और महेंद्र सिंह भदौरिया समेत कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।