ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गिजोर्रा थाना इलाके में पुलिस ने सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर धौंस जमाने वाले एक नाबालिग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाल अपचारी ने इंटरनेट मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीरें अपलोड की हैं।

ऐती पुलिया के पास की गई घेराबंदी

सोशल मीडिया पर हथियार लहराने की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम ऐती पुलिया के पास जाल बिछाया और आरोपी नाबालिग को घेरकर हिरासत में ले लिया।

हथियार और बाइक जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत केस

तलाशी के दौरान पुलिस ने नाबालिग के पास से 315 बोर की एक अधिया (कट्टा), एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(ए) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

हथियार के स्रोत का लगाया जा रहा पता

गिजोर्रा थाना प्रभारी उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह धाकड़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी पहले भी सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो अपलोड कर चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि उसने यह अवैध हथियार किससे और कहां से प्राप्त किया था।