खाद के लिए लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति

डबरा और भितरवार क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रबी सीजन के दौरान खाद की किल्लत और वितरण केंद्रों पर लगने वाली लंबी कतारों से परेशान होने वाले अन्नदाताओं को अब इन झंझटों से मुक्ति मिलने की उम्मीद है। कृषि विभाग की ओर से एक नई व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत अब किसान घर बैठे ही अपने मोबाइल फोन के जरिए व्हाट्सएप के माध्यम से उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे।

इस प्रकार तय होगी व्हाट्सएप पर खाद की बुकिंग

किसानों को इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने के लिए अपने मोबाइल में कृषि विभाग के आधिकारिक व्हाट्सएप बिजनेस नंबर 6269141000 पर 'Help' या 'Fertilizer' लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके बाद उन्हें अपना पंजीकृत आधार नंबर दर्ज करना होगा। आधार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल पर एक ओटीपी प्राप्त होगा, जिसे दर्ज करने पर किसान की प्रोफाइल और जमीन का पूरा विवरण स्क्रीन पर आ जाएगा।

विवरण सामने आने के बाद किसान को अपने जिले का चयन करना होगा और पात्र भूमि का खसरा तथा बोई जाने वाली फसल की जानकारी भरनी होगी। इसके पश्चात उन्हें अपनी आवश्यकतानुसार खाद के प्रकार और उसकी मात्रा का चयन करना होगा। प्रक्रिया के अंतिम चरण में ब्लॉक, कंपनी, अधिकृत रिटेलर और खाद प्राप्त करने की तिथि का विकल्प चुनना होगा। स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित होने पर सिस्टम तुरंत क्यूआर कोड वाला ई-टोकन जारी कर देगा।

साइबर ठगी से बचने के लिए बरती जाए विशेष सावधानी

सेवानिवृत्त कृषि विस्तार अधिकारी पीएस राजपूत ने किसानों से अपील की है कि इस आधुनिक डिजिटल सेवा का उपयोग करते समय पूरी सतर्कता बरती जाए। ई-टोकन प्रक्रिया के दौरान अपना आधार नंबर और ओटीपी केवल विभाग के निर्धारित आधिकारिक व्हाट्सएप बिजनेस नंबर पर ही साझा करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल या गैर-आधिकारिक नंबर पर अपनी गोपनीय जानकारी बिल्कुल न दें।

अधिकारियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था के शुरू होने से किसानों को बार-बार केंद्रों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और वे तय तारीख पर आसानी से अधिकृत रिटेलर से अपनी खाद प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और वितरण व्यवस्था में भी पारदर्शिता आएगी।