डबरा में सोशल मीडिया के जरिए युवती को ब्लैकमेल करने और अश्लील सामग्री पोस्ट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

यह घटना लगभग 10 दिन पुरानी बताई जा रही है। आरोपी ने डबरा की रहने वाली एक युवती के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट तैयार किया था।

एआई तकनीक से बनाईं अश्लील तस्वीरें

अकाउंट बनाने के बाद आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल कर युवती की अश्लील और आपत्तिजनक तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें फर्जी प्रोफाइल पर अपलोड कर दिया। इसके बाद वह युवती को फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार रुपयों की मांग करने लगा।

साइबर सेल की मदद से पकड़ा गया आरोपी

लगातार हो रही ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी अपने परिवार के सदस्यों को दी। इसके बाद परिजन युवती के साथ डबरा देहात थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन दिया। मामला गंभीर होने के कारण पुलिस ने तुरंत साइबर सेल की सहायता ली।

तकनीकी जांच और साइबर टीम की पड़ताल के बाद फर्जी आईडी चलाने वाले शख्स की पहचान डबरा के महावीर पुरा निवासी केवल (पिता गोपाल करोठिया) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी फिलहाल बेरोजगार है और कोई काम-धंधा नहीं करता है।

पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। - मिर्जा आसिफ बेग, देहात थाना प्रभारी