भितरवार नगर के एसआईटीएम स्कूल रोड पर बीते दिनों दो नाबालिग छात्राओं के साथ हुई अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
कोचिंग से लौट रही छात्राओं को बनाया था निशाना
घटना दो दिन पहले सुबह के समय की है, जब दो नाबालिग छात्राएं अपनी कोचिंग पूरी कर वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार होकर आए युवक ने उनके साथ मारपीट की और छेड़खानी जैसी शर्मनाक हरकत को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस
इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे। मामला संज्ञान में आने के बाद एसडीओपी गगन हनवत ने पुलिस टीम को सख्त निर्देश दिए कि जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए।
बस स्टैंड से दबोचा गया आरोपी
नाबालिग छात्रा की औपचारिक शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवराज रावत नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर मंगलवार को आरोपी युवराज रावत को भितरवार बस स्टैंड के पास से धर दबोचा।
पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपी की हेकड़ी गायब हो गई और वह अपनी गलती स्वीकार करता नजर आया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
अधिकारियों की दोटूक: लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
भितरवार के एसडीओपी गगन हनवत ने इस मामले पर स्पष्ट किया है कि छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!