लड़की के चले जाने से जुड़ा है पूरा विवाद

भितरवार क्षेत्र में एक युवती के युवक के साथ चले जाने के कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी पुरानी कलह के चलते बुधवार देर शाम दो युवकों को जबरन अगवा कर लिया गया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

देवरिया-कांछा तिराहे से किया गया था अगवा

घटना के शिकार हुए 25 वर्षीय दीपक रावत (निवासी गाजना) और उसके ममेरे भाई 27 वर्षीय संतोष रावत (निवासी केरूआ) को युवती के परिवार से जुड़े करीब आधा दर्जन लोग जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। आरोपियों ने उन्हें बेलगड़ा थाना क्षेत्र के देवरी-कांछा तिराहे से उठाया और भितरवार थाना क्षेत्र के साखनी गांव ले गए।

साखनी गांव के पास स्थित एक गन्ने के खेत में इन दोनों युवकों को बंधक बनाकर पीटा गया। इस सनसनीखेज घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई।

पुलिस ने रात में ही दी दबिश

घटना की सूचना मिलने पर भितरवार थाना पुलिस ने रात के समय ही मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने दोनों बंधक युवकों को सकुशल मुक्त कराया और अपने साथ थाने लेकर आई। इसके बाद घायल युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

थाना प्रभारी बलबीर मावई के अनुसार, मामले में पुलिस पीड़ित पक्षों से पूछताछ कर रही है और तमाम तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।