सिद्ध बाबा मंदिर के पास मिला था शव

ग्वालियर जिले के भितरवार थाना अंतर्गत करोरा गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के बाहर शुक्रवार सुबह एक टाइल्स मिस्त्री का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर किसी भारी वस्तु से गंभीर वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद भितरवार एसडीपीओ गगन हनवत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान चीनौर थाना क्षेत्र के भौरी गांव निवासी 35 वर्षीय कालू उर्फ राजू उर्फ दीपक जाटव के रूप में हुई है, जो टाइल्स लगाने का काम करता था।

साथी मजदूर ने की थी हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि राजू अपने साथी 33 वर्षीय मजदूर रंगीला जाटव के साथ करोरा गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में टाइल्स लगाने आया था। गुरुवार रात को दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद रंगीला ने पत्थर पटककर राजू की हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया।

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में ही डबरा भाग गया था। जब उसे अपने साथी राजू की मौत की पुख्ता जानकारी मिली, तो वह शुक्रवार सुबह सरेंडर करने के लिए भितरवार सेशन कोर्ट पहुंच गया।

कोर्ट के बाहर से हुआ गिरफ्तार

मेरे 4000 रुपए नहीं दे रहा था, इसलिए पत्थर पटककर मार दिया। वह मेरे पैसे रोक रहा था, इसलिए मैंने उसे खत्म कर दिया।

सरेंडर करने की नीयत से आया आरोपी रंगीला जाटव कोर्ट के बाहर ही बैठा हुआ था। जब वहां मौजूद लोगों और पुलिस को उसकी हरकतों पर शक हुआ, तो उसने खुदकुबूल किया कि उसने ही अपने साथी की हत्या की है।

एसडीपीओ गगन हनवत को जब इसकी भनक लगी, तो वे सिविल ड्रेस में तुरंत न्यायालय परिसर पहुंचे और आरोपी रंगीला को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पुष्टि की जा सके।