ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। आंतरी और एराया के बीच चल रहे रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक भारी-भरकम क्रेन पलट गई। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के वक्त क्रेन का ऑपरेटर वाहन पर ही मौजूद था। स्थिति भांपते हुए उसने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी मजदूर के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
प्रारप्त जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर रेलवे के ब्रिज विभाग का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। इसी गतिविधि के दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। राहत की बात यह रही कि ऑपरेटर और आसपास काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर चर्चा
इस दुर्घटना के बाद निर्माण कार्य में बरती जा रही सुरक्षा सावधानियों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। भारी-भरकम मशीनों के संचालन के दौरान तकनीकी सतर्कता और सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है। हालांकि, क्रेन पलटने के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है।
इस संबंध में जब डबरा के एसडीओपी सौरभ कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि इस हादसे की आधिकारिक सूचना अभी तक उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना की जानकारी मिलते ही नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!