गुरु कृपा होटल के पास हुआ हादसा

ग्वालियर-चंबल अंचल के डबरा-दतिया हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। यहां गुरु कृपा होटल के समीप एक अज्ञात लोडिंग गाड़ी ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर के कारण बाइक पर सवार तीन लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

इंदरगढ़ जा रहा था परिवार

घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। प्रेम नारायण अपनी पत्नी रानी और भतीजे अंकित के साथ बाइक पर सवार होकर ग्वालियर से इंदरगढ़ के रमदेवा गांव जा रहे थे। रास्ते में लोडिंग वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रानी को गंभीर चोटें आईं, जबकि प्रेम नारायण और अंकित को मामूली चोटें आई हैं।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर

घटना की सूचना मिलने पर राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया, जिसकी मदद से घायलों को डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रानी की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और घायलों के बयान दर्ज किए।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से टक्कर मारने वाला लोडिंग वाहन और उसका चालक मौके से फरार है। सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन और चालक का सुराग लगाया जा सके।