ग्वालियर अंचल के डबरा शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बुजुर्ग रोड पर स्थित आदिवासी दफाई के नजदीक रविवार को पुराने विवाद के चलते कुछ बदमाशों ने खुलेआम गोलीबारी कर दी।

जुए के विरोध पर शुरू हुआ था विवाद

स्थानीय निवासी मोनू आदिवासी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बुजुर्ग इलाके का रहने वाला करण रावत अक्सर आदिवासी दफाई के पास जुआ संचालित करता था। मोनू ने दो दिन पहले ही उसे वहां जुआ खेलने और खिलवाने से रोका था। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच तनातनी बनी हुई थी।

टैंकर के पीछे छिपकर बचाई अपनी जान

रविवार की दोपहर करण रावत अपने कुछ साथियों के साथ अचानक आदिवासी दफाई क्षेत्र में पहुंच गया। मोनू का आरोप है कि पुरानी रंजिश को ध्यान में रखते हुए उन लोगों ने उस पर सीधे गोली चला दी। अचानक हुए इस हमले से घबराए मोनू ने मौके पर मौजूद एक पानी के टैंकर के पीछे छिपकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा भारी पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद पीड़ित मोनू को थाने लाया गया जहां उसके विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीमें गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी करण रावत और उसके साथियों को दबोचने के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है जो उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।