ग्वालियर से मजदूरों का दल पहुंचा था पिकनिक पर

रविवार की शाम ग्वालियर के मुरार इलाके से लगभग 30 से 35 मजदूरों का एक समूह पिकनिक मनाने के लिए भितरवार के प्रसिद्ध धूमेश्वर धाम पहुंचा था। सभी लोग इस अवकाश के दिन आनंद उठाने आए थे, लेकिन यह यात्रा एक बड़े हादसे में बदल गई।

नहाने के दौरान गहरे पानी में गया मजदूर

लोहारी गांव के पास नदी में नहाते वक्त बिजौली थाना क्षेत्र के निवासी मुकेश जाटव का पैर गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगा। उसके साथियों ने उसे बचाने के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वे कामयाब नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलने पर भितरवार पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी बलबीर मावई अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से पानी में खोजबीन शुरू कराई।

अरेड और मणिखेड़ा डैम के चलते नदियां उफान पर

करीब आधे घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने मुकेश जाटव के शव को नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

ज्ञात हो कि इन दिनों मणिखेड़ा और हरसी बांध के गेट खोले जाने की वजह से धूमेश्वर के पास से गुजरने वाली सिंध और पार्वती नदियां उफान पर हैं। जलस्तर काफी बढ़ा होने के बावजूद लोग सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर रहे हैं।