चांदपुर तिराहे पर अवैध खनन पर प्रशासनिक छापा

डबरा के चांदपुर तिराहे के पास बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के अवैध रूप से मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा था। इस गतिविधि की पुख्ता सूचना मिलने पर एसडीएम नवकिरण कौर ने राजस्व विभाग की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर कोई भी वैध उत्खनन अनुमति पत्र नहीं मिला। पड़ताल में यह भी खुलासा हुआ कि खननकर्ताओं ने लीज किसी अन्य स्थान के लिए ले रखी थी, लेकिन उसकी आड़ में अवैध रूप से दूसरी जगह पर मिट्टी खुदवाई जा रही थी।

मशीन जब्त कर तहसील परिसर में रखवाई

राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर माप-तौल की और अवैध उत्खनन के दायरे को स्पष्ट किया। इसके बाद मशीन के ऑपरेटर को बुलाकर एलएनटी मशीन को कब्जे में लिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच डबरा तहसील परिसर में लाकर खड़ा कर दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, मशीन के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य दस्तावेजों के आधार पर संबंधितों के विरुद्ध मामला दर्ज करने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर जाकर खनन करने के खेल पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अवैध उत्खनन की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की गई है। मशीन को जब्त कर लिया गया है और संबंधितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया जा रहा है। अभी तक जितना अवैध उत्खनन किया गया है उसके अनुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा। - नवकिरण कौर, एसडीएम, डबरा

छपरा नाके से हो रही वाहनों की आवाजाही

पिछोर क्षेत्र के ग्राम छपरा में कंपनी द्वारा स्थापित किए गए चेकिंग नाके से रोजाना लगभग 35 से 40 डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहे हैं। रेत से लदे इन भारी वाहनों के आवागमन से नाके पर प्रतिदिन करीब साढ़े तीन लाख रुपये की रॉयल्टी वसूली जा रही है, जिससे सरकारी खजाने को राजस्व प्राप्त हो रहा है।