शुक्रवार दोपहर को डबरा-ग्वालियर हाईवे नंबर 44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ समुदन गुरुद्वारे के नजदीक तेज रफ्तार से आ रहे एक ई-रिक्शा ने सामने से जा रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
सड़क हादसे में वृद्ध की मौत, चालक घायल
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों लोग सड़क पर जा गिरे। इस दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठे वृद्ध अमरीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक चला रहे उदयवीर सिंह को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। तुरंत एंबुलेंस बुलाई गई और घायल उदयवीर सिंह को उपचार के लिए डबरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लेते हुए जाँच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि समुदन हाईवे पर हुई इस दुर्घटना के संबंध में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की कानूनी कार्यवाही में जुटी हुई है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!