खेत में पानी की लेजम हटाने को लेकर बढ़ा विवाद
ग्वालियर संभाग के भितरवार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोहिंदा गांव में खेत पर पानी पहुंचाने वाली लेजम को हटाने की बात को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। यह मामूली सी बात जल्द ही खूनी संघर्ष में बदल गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को लगा धक्का
जानकारी के अनुसार गोहिंदा निवासी राम सिंह जाटव और बाबूलाल जाटव आपस में भाई हैं। खेत में लेजम डालने और हटाने के विवाद के दौरान राम सिंह जाटव और उसके बेटे नरेश जाटव ने बाबूलाल के बेटों महाराज सिंह जाटव और रवि जाटव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच 65 वर्षीय बाबूलाल जाटव मामले में बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचे। आरोप है कि गहमागहमी के बीच उन्हें धक्का लग गया, जिससे वे सीधे जमीन पर जा गिरे और उनके सिर में अंदरूनी व गंभीर चोट लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष मौके से धमकी देते हुए फरार हो गया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल बाबूलाल जाटव को लेकर भितरवार स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को गंभीर देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और स्थानीय थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और परिजनों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
एसडीओपी गगन हनवत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि खेत में पानी की लेजम को लेकर उपजे पारिवारिक विवाद में बुजुर्ग की जान गई है। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!