भितरवार अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले चीनौर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके जा रही महिलाओं और बच्चों से भरी एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने खेत में जा पलटी, जिससे वाहन में सवार करीब एक दर्जन लोग बाल-बाल बच गए।

बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

यह पूरी घटना ग्वालियर-छीमक रोड पर स्थित ग्राम समाया के पास सामने आई। जानकारी के अनुसार लोडिंग गाड़ी में सवार होकर महिलाएं और बच्चे भितरवार इलाके में स्थित अपने मायके जा रहे थे। रास्ते में समाया गांव के नजदीक अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया।

ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाले गए यात्री

वाहन के खेत में पलटते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों और वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पलटी हुई लोडिंग गाड़ी के भीतर फंसे बच्चों और महिलाओं को सकुशल बाहर निकाला। समय पर मिली इस मदद के कारण सभी यात्री किसी बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हो गया और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। चीनौर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह गुर्जर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि समाया गांव के पास लोडिंग गाड़ी पलटने की सूचना पर पुलिस टीम रवाना की गई थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे सवार थे। गनीमत यह रही कि राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से सभी को समय पर बाहर निकाल लिया गया और सभी सुरक्षित हैं।