ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र से जुड़ा मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला अंबेडकर कॉलोनी का बताया जा रहा है जो कि लगभग चार दिन पुराना है।

कमरे में बंधक बनाकर पीटने का आरोप

सामने आए वीडियो में कुछ लोग एक युवक को एक बंद कमरे के अंदर चप्पलों से पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह पूरा विवाद आपसी लेनदेन से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है, जिसमें पीड़ित को बहाने से बुलाकर बंधक बनाया गया था।

21 सितंबर को थाने पहुंचा था पीड़ित

वीडियो में चप्पलों से पिटता नजर आ रहा युवक अंबेडकर कॉलोनी का रहने वाला सुनील जाटव है। उसने गत 21 सितंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि पुराने वित्तीय विवाद को लेकर राज वाल्मीकि और बल्लू जाटव ने उसके साथ मारपीट की है। उस समय पुलिस ने सुनील की शिकायत पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया था।

हालांकि, घटना के वक्त पीड़ित ने पुलिस को इस मारपीट के वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। अब जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, तो पुलिस इसमें नजर आ रहे अन्य लोगों की शिनाख्त में जुट गई है।

डबरा में लगातार सामने आ रहे वीडियो

स्थानीय स्तर पर पिछले 24 घंटों के दौरान मारपीट के कुल तीन अलग-अलग वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें छात्रों के बीच हुई झड़प, महावीर पुरा इलाके की घटना और अंबेडकर कॉलोनी का यह ताजा वीडियो शामिल है, जिनमें लात-घूंसे, बेल्ट और चप्पलों से हमले दिखाई दे रहे हैं।

इस संबंध में नगर थाना प्रभारी (TI) संजय शर्मा ने बताया कि उन्होंने वायरल वीडियो को देख लिया है। 21 सितंबर की शिकायत पर पहले ही दो आरोपियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और अब वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर सख्त कदम उठाए जाएंगे।