ग्वालियर जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन ईगल' के अंतर्गत डबरा सिटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के देसी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
विधि नगर कॉलोनी से पहला आरोपी पकड़ाया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम थाना प्रभारी संजय शर्मा को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पिछोर रोड स्थित विधि नगर कॉलोनी के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का एक देसी तमंचा और कारतूस मिला।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान विधि नगर निवासी हाकिम सिंह (50) पुत्र सुमेर सिंह कुशवाहा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
शुगर मिल कैंपस के पास से दूसरा संदिग्ध दबोचा
दूसरी कार्रवाई स्थानीय शुगर मिल कैंपस के नजदीक अंजाम दी गई। यहां गश्त के दौरान पुलिस को एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ नजर आया। पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान चीनौर निवासी बेताल (23) पुत्र श्यामलाल कुशवाह के रूप में बताई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपना हथियार पास की ही झाड़ियों में छिपा रखा है और वह उसे निकालने आया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों से 315 बोर का एक और देसी तमंचा तथा कारतूस जब्त कर लिया।
हथियारों के स्रोतों का पता लगा रही है पुलिस
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव के निर्देशों के क्रम में जिलेभर में अवैध हथियारों के तस्करों और धारकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डबरा सिटी पुलिस ने दोनों ही मामलों में आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिए हैं। अब पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि ये अवैध हथियार कहां से और किस माध्यम से इन तक पहुंचे थे।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!