अस्सी करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट पर उठा सवाल

डबरा शहर में चल रहे 88 करोड़ रुपए के महत्वपूर्ण सीवर प्रोजेक्ट का काम एक बार फिर स्थानीय विरोध के कारण चर्चा में आ गया है। इस बार वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद ने खुद मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया है।

खुदी सड़कें और लेवलिंग बनी मुख्य वजह

पार्षद हैप्पी सरदार का कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के नाम पर पूरे वार्ड की सड़कों को खोद दिया गया है, जिससे रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी मांग है कि पहले खोदी गई सड़कों की मरम्मत और लेवलिंग की जाए, उसके बाद ही आगे का निर्माण कार्य शुरू किया जाए।

विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही निर्माण कंपनी के जिम्मेदार इंजीनियर तुरंत मौके पर पहुंचे और पार्षद से बातचीत की। इंजीनियर ने स्पष्ट किया कि गलियों के भीतर सात इंच के पाइप डाले जा रहे हैं, जो आगे चलकर मुख्य मार्ग पर बड़े आकार में बदल जाएंगे।

चार दिन का मिला अल्टीमेटम

मौके पर हुई चर्चा के दौरान निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि ने पार्षद को भरोसा दिलाया कि आगामी चार दिनों के भीतर सभी खुदी हुई सड़कों की स्थिति को सुधार दिया जाएगा और लेवलिंग का काम भी पूरा कर लिया जाएगा।

पार्षद ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि तयशुदा चार दिन के भीतर हालात दुरुस्त नहीं किए गए, तो वार्ड में सीवर प्रोजेक्ट का काम पूरी तरह से ठप करा दिया जाएगा।