ग्वालियर जिले के डबरा शहर में आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में रविवार की रात पुलिस अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाया।

एसडीओपी और थाना प्रभारियों ने संभाली कमान

इस विशेष रात्रि गश्त का नेतृत्व एसडीओपी सौरभ कुमार ने किया। उनके साथ शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा और देहात थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग भी अपने अमले के साथ मौजूद रहे। पुलिस काफिला गीता टॉकीज रोड से होता हुआ मुख्य चौपाटी क्षेत्र तक पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

रेस्टोरेंट में मिले प्राइवेट केबिन पर सख्त कार्रवाई

गश्त के दौरान जब पुलिस ने चौपाटी के एक रेस्टोरेंट की तलाशी ली, तो वहां अंदर प्राइवेट केबिन बने हुए पाए गए। इस संबंध में जब संचालकों से पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्थिति को देखते हुए एसडीओपी ने तुरंत इन केबिनों को बंद करने के सख्त निर्देश दिए और संबंधित संचालक को नोटिस देने की बात कही।

फरार वारंटियों के ठिकानों पर दी दबिश

सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर करीब 8 वारंटियों के घरों की छानबीन की। यह कार्रवाई जंगीपुरा, पुराना गाड़ी अड्डा रोड, रामगढ़, बुजुर्ग रोड, लक्ष्मी कॉलोनी और दीदार कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में की गई।

अभियान के दौरान पुलिस ने सड़कों पर बिना नंबर प्लेट के वाहन दौड़ा रहे चालकों की भी सघन चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त नजर आए कुछ लोगों को पुलिस ने मौके पर ही फटकार लगाई और पूछताछ के लिए थाने भेजा। साथ ही सड़कों पर अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों को भी चेतावनी देकर सामान हटाने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए रात में यह चेकिंग अभियान चलाया गया था। चौपाटी पर प्राइवेट केबिन संचालित होने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद वहां कार्रवाई कर उन्हें बंद कराया गया है। इसके साथ ही फरार बदमाशों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी गई है। - सौरभ कुमार, एसडीओपी डबरा