करहिया थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ग्वालियर जिले के अंतर्गत आने वाले करहिया थाना इलाके में अवैध कच्ची शराब का कारोबार चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का पर्दाफाश किया है।

सरकारी जमीन पर चल रही थी भट्टी

थाना प्रभारी संजू यादव के मार्गदर्शन में पुलिस बल इलाके में गश्त पर निकला हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम लाल डांडा क्षेत्र में पहुंची, जहां उन्हें सरकारी जमीन पर नाले के नजदीक अवैध रूप से संचालित हो रही भट्टी की जानकारी मिली।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि वहां लोहे की भट्टी पर अवैध शराब बनाने के लिए गुड़ लाहन को गर्म किया जा रहा था। इसके अलावा मौके पर पांच प्लास्टिक के नीले ड्रम भी बरामद किए गए, जो पूरी तरह गुड़ लाहन से भरे हुए थे।

मौके पर नष्ट किया गया सारा सामान

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए ड्रमों और भट्टी में रखे गए करीब 600 लीटर गुड़ लाहन को जमीन पर बहाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। अवैध रूप से लगाई गई भट्टी को भी मौके पर ही तोड़ दिया गया।

करहिया थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजू सिंह यादव ने जानकारी दी कि गश्त के समय लाल डाडा इलाके में नहर के पास अवैध शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे अवैध सेटअप को ध्वस्त कर दिया गया है।