मंगलवार को डबरा-दतिया मार्ग पर स्थित नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहां अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर लगने से पांच गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गौ सेवक तुरंत हरकत में आए और दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर घायल गोवंश के उपचार की व्यवस्था की।

परशुराम चौराहे पर रखकर किया गया चक्का जाम

घायल मवेशियों को प्राथमिक उपचार दिलवाने के बाद गौ सेवकों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने मृत गोवंशों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा और डबरा शहर के मुख्य परशुराम चौराहे पर ले आए। चौराहे पर शवों को रखकर उन्होंने जोरदार प्रदर्शन किया और चक्का जाम कर दिया। इस अचानक हुए जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर दौड़ पड़ा। एसडीओपी सौरभ कुमार और शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने तुरंत पहुंचकर गौ सेवकों को समझाने का प्रयास किया। इसके कुछ देर बाद एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, डबरा एसडीएम जूही गर्ग और नगर पालिका सीएमओ साक्षी वाजपेई भी घटनास्थल पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।

प्रशासन पर लगाया गया अनदेखी का आरोप

प्रदर्शन के दौरान गौ सेवकों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने याद दिलाया कि महज 10 दिन पहले भी इसी नेशनल हाईवे पर एक अन्य सड़क हादसे में गोवंश की मौत हुई थी। उस समय भी नगर पालिका द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन धरातल पर कोई ठोस समाधान नहीं निकला, जिसके कारण फिर से यह हादसा हुआ।

गौ सेवक चिंटू तोमर ने इस दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए चांदपुर स्थित गौशाला में तत्काल प्रभाव से तार फेंसिंग कराने की प्रमुख मांग रखी। उन्होंने यह भी मांग उठाई कि सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश को सुरक्षित रूप से गौशाला पहुंचाया जाए और वहां उनके लिए चारे-पानी का पुख्ता इंतजाम किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे धरने से नहीं हटेंगे।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद खुला रास्ता

लगभग दो घंटे तक चले इस हंगामे और चक्का जाम के बाद स्थानीय प्रशासन ने स्थिति को संभाला। अधिकारियों ने गौ सेवकों को उनकी सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। लिखित पत्र मिलने पर गौ सेवकों ने रास्ता खाली किया और पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया।

इस पूरे मामले पर नगर पालिका सीएमओ साक्षी वाजपेई ने जानकारी देते हुए बताया कि गौ सेवकों की ओर से रखी गई सभी जायज मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन के लिखित आश्वासन के क्रम में आज से ही जमीनी स्तर पर काम आरंभ करवा दिया जाएगा।