स्थानीय पुलिस प्रशासन ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। डबरा सिटी थाना और टेकनपुर चौकी की संयुक्त पुलिस टीम ने एक सटीक सूचना और गश्त के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा बरामद करने में कामयाबी पाई है।
चुरुली नहर रोड पर संदिग्ध मिली कार
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल एक पुराने मामले के वांछित आरोपियों की तलाश के सिलसिले में बहादुरपुर गांव गया था। वापसी के वक्त जब यह संयुक्त टीम टेकनपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चुरुली नहर मार्ग से गुजर रही थी, तब वहां एक अल्टो कार (सीजी 04 केक्यू 6278) संदिग्ध हालत में खड़ी नजर आई।
तीन बोरियों में छिपाकर रखा गया था नशीला पदार्थ
शक होने पर पुलिसकर्मियों ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। कार के अंदर से तीन बोरियां बरामद की गईं, जिनमें अवैध गांजा भरा हुआ था। थाने लाकर जब इस पूरे मादक पदार्थ का वजन कराया गया, तो वह कुल 37 किलो 273 ग्राम निकला। पुलिस का अनुमान है कि इस जब्द किए गए गांजे की बाजार में कीमत करीब 3.70 लाख रुपए आंकी गई है।
ओडिशा से लाकर ग्वालियर सप्लाई की थी योजना
मौके से पकड़े गए दोनों संदिग्धों की पहचान गुरुपाल सिंह जोहल (निवासी रही, थाना करहिया) और मुलायम सिंह रावत (निवासी डोंगरपुर, थाना बैलगड़ा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में इन्होंने स्वीकार किया है कि वे इस खेप को ओडिशा से खरीदकर लाए थे और इसे ग्वालियर तथा आसपास के अन्य इलाकों में खपाने की फिराक में थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों के बारे में भी गहनता से छानबीन की जा रही है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!