नहर का पानी बढ़ने से डूबा अस्थायी रैंप

भितरवार नगरपरिषद के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 8 घाटमपुर क्षेत्र में डी-3 नहर अचानक ओवरफ्लो हो गई। जलस्तर बढ़ने के कारण नहर पार जाने के लिए बनाया गया अस्थायी रैंप लगभग दो फीट पानी में डूब गया, जिससे स्थानीय स्तर पर आवागमन बाधित हो गया।

इस रास्ते के डूब जाने से शासकीय बालक उत्कृष्ट छात्रावास, कृषि विभाग कार्यालय और आसपास निवास करने वाले करीब 15 से 20 परिवारों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह से कट गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों के पहुंचते ही भड़कीं महिलाएं

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारी गुरुवार को हालात का जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को देखते ही वहां मौजूद आक्रोशित महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और जमकर अपनी नाराजगी जताई।

रहवासियों ने अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए बताया कि हर बार बारिश या नहर का जलस्तर बढ़ने पर उन्हें इसी प्रकार की गंभीर समस्या से जूझना पड़ता है।

नाराज लोगों ने यह भी याद दिलाया कि इसी खतरनाक और जर्जर रैंप से गिरकर पहले एक मासूम बच्ची की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा अब तक कोई पक्का मार्ग नहीं बनवाया गया है।

मुरम डलवाकर शुरू कराया गया आवागमन

लोगों के भारी विरोध को देखते हुए विभाग ने तुरंत राहत कार्य शुरू किए। अधिकारियों ने नहर के कमजोर हिस्सों पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुरम डलवाई और रास्ते को किसी तरह चलने योग्य सुरक्षित बनाया ताकि आवागमन फिर से सुचारू हो सके।

भितरवार जल संसाधन विभाग की सब इंजीनियर मोनिका शाक्य ने मौके पर पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि नहर के कमजोर हिस्सों में तत्काल मुरम डलवा दी गई है और जल्द ही सड़क को भी ठीक कराया जाएगा। साथ ही, स्थायी पुलिया के निर्माण को लेकर जल संसाधन विभाग ने नगर परिषद को एनओसी जारी कर दी है।