मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के अंतर्गत आने वाले डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पतरिया पुरा गांव में एक पिता और उसके भाई ने मिलकर अपनी ही 21 वर्षीय बेटी की निर्ममता से हत्या कर दी। वारदात का कारण युवती का परिवार की इच्छा के विरुद्ध बाहर नौकरी करना और उसके बॉयकट बाल रखना बताया जा रहा है।

रक्षाबंधन पर कर्नाटक से घर लौटी थी युवती

मृतक युवती की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव (21) के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के विजयपुर स्थित एक मॉल में काम करती थी। वह रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपने घर आई हुई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि परिजन उसके बाहर जाकर नौकरी करने और बाल छोटे रखने की बात से बेहद खफा थे।

सोमवार की दोपहर को मृतका के पिता भगवान सिंह यादव और उनके भाई संतोष सिंह यादव घर पहुंचे। आरोपियों ने सबसे पहले 17 वर्षीय छोटी बेटी को बेरहमी से घसीटते हुए पीटा और उसका गला घोंटने की कोशिश की। मां ने बीच-बचाव कर किसी तरह उसे बचाया, जिसके चलते वह लगभग 30 से 40 मिनट तक अचेत अवस्था में रही।

मुंहबोले भाई को भी पीटा और दीवार पर पटका सिर

घटना के समय नंदनी पास ही स्थित एक अन्य मकान में अपने मुंहबोले भाई मनमोहन पांडे के साथ मौजूद थी। आरोप है कि क्रूरता की हदें पार करते हुए पिता और चाचा ने मनमोहन को भी निशाना बनाया। भगवान सिंह ने उसका सिर कई बार दीवार पर दे मारा, जिससे उसके चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।

इसके पश्चात आरोपियों ने नंदनी को अपनी गिरफ्त में ले लिया। उसका सिर भी दीवार पर पटका गया और डंडों से सिर पर कई वार किए गए। अंत में साफी से गला कसकर उसकी हत्या को अंजाम दिया गया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई नंदनी की मां को भी एक कमरे में बंद करके पीटा गया।

पुलिस मान रही ऑनर किलिंग का मामला, आरोपी फरार

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि नंदनी की 17 वर्षीय बहन पहले दो बार घर से लापता हो चुकी है, जिसे पुलिस ने दोनों बार बरामद कर लिया था। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पिता भगवान सिंह और चाचा संतोष सिंह मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

वारदात की सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह से ऑनर किलिंग का मामला प्रतीत होता है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।