ग्वालियर जिले के डबरा में स्थानीय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न इलाकों से चुराई गई कुल 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई सिंध नदी के पास स्थित जंगलों में अंजाम दी गई।

मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

क्षेत्र में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्थानीय थाना स्तर पर एक विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस टीम ने जब कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो हर बार एक ही युवक संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिससे सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक सिंध नदी के आसपास सस्ते दामों पर मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में घूम रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस दल ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपनी पहचान 26 वर्षीय मोहित पटेल, पुत्र प्रहलाद पटेल, निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी गोले का मंदिर, ग्वालियर के रूप में बताई।

सिंध नदी के जंगलों में छिपा रखी थीं गाड़ियां

पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबरा के अलावा ग्वालियर, मुरैना, टीकमगढ़, छतरपुर और उरई क्षेत्रों से ये वाहन चुराए थे। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सिंध नदी के जंगली क्षेत्र से स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, टीवीएस अपाचे और पैशन प्रो समेत कुल 19 मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं।

जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी के दो सहयोगियों—घनश्याम यादव (निवासी झांसी) और बलराम यादव (निवासी महोबा)—को भी दबोच लिया है। ये दोनों चोरी के इन वाहनों को खपाने और बेचने में मुख्य आरोपी की मदद किया करते थे।

जिले की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डबरा थाने की इस टीम द्वारा की गई यह कार्रवाई जिले में वाहन बरामदगी के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मानी जा रही है। आरोपियों से पूछताछ और अन्य वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।