ग्वालियर जिले के डबरा अंतर्गत टेकनपुर इलाके में एक तेरह वर्षीय किशोरी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया है। परिजनों की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी शशिकांत परिहार को धर दबोचा।

मोमोज लेने के दौरान दिया वारदात को अंजाम

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार यह घटना एक मई की शाम करीब सात बजे की है। पीड़ित किशोरी बस स्टैंड पर मोमोज खरीदने के लिए घर से निकली थी, तभी वहां उसकी अपनी ही कॉलोनी का रहने वाला शशिकांत परिहार पहुंच गया। आरोपी ने बलपूर्वक किशोरी को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठा लिया और उसे हाईवे के पास स्थित मधुबन गार्डन की तरफ ले गया।

विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपी ने किशोरी के साथ अनुचित हरकत और छेड़छाड़ की। पीड़िता के शोर मचाने पर घबराए आरोपी ने उसे वापस बस स्टैंड के पास लाकर छोड़ दिया। भागने से पहले आरोपी ने किशोरी को धमकाया कि यदि उसने इस बारे में किसी को कुछ भी बताया तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।

घटना के बाद से डरी हुई किशोरी ने शुरुआत में घर पर किसी को कुछ नहीं बताया और चुपचाप रही। हालांकि, कुछ दिनों तक उसकी असामान्य चुप्पी को भांपते हुए परिजनों ने जब उससे पूछताछ की, तब उसने पूरी घटना अपने माता-पिता को रोते हुए बताई।

महिला थाने में दर्ज हुआ गंभीर धाराओं में मुकदमा

परिजनों को जब इस घिनौनी हरकत का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वे तुरंत पीड़िता को लेकर डबरा शहर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी संजय शर्मा को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए महिला थाने में आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया।

मामले की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत दबिश दी और टेकनपुर क्षेत्र से ही आरोपी शशिकांत परिहार को दबोच लिया। शहर थाना प्रभारी संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।