रेलवे क्रॉसिंग के पास बने गड्ढे में हुआ हादसा

डबरा क्षेत्र के पठा पनिहार गांव में पानी से भरे एक बड़े खंतीनुमा गड्ढे में नहाने गया 12 साल का किशोर अचानक डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में कोहराम मच गया।

दोस्तों के साथ गया था नहाने

कैलाश आदिवासी का 12 वर्षीय बेटा लव आदिवासी शनिवार सुबह करीब 10 बजे रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित गड्ढे में अपने साथियों के साथ नहाने पहुंचा था। किशोर को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने जब लव को डूबते देखा, तो उन्होंने तुरंत घर जाकर परिजनों को इस दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत बस्ती के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

एसडीआरएफ और पुलिस टीम कर रही रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलने के बाद देहात थाने की एफआरबी मौके पर पहुंची। इसके साथ ही राहत और बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी तुरंत बुलाया गया।

मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार ने बताया कि पठा पनिहार गांव के समीप पानी भरे गड्ढे में एक बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। प्रशासन और बचाव दल द्वारा किशोर को खोजने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।