भिंड जिले के कनावर क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के समय क्वारी नदी में डूबे तीन किशोरों की तलाश का अभियान शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू रोक दिया गया था, जिसे शनिवार सुबह फिर से शुरू किया गया।
सात किलोमीटर के दायरे में चल रहा तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार सुबह करीब आठ बजे एसडीआरएफ की पहली टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद भिंड से दूसरी टीम भी रवाना की गई। उमरी थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। एसडीआरएफ के दोनों दल नदी में जाल डालकर करीब सात किलोमीटर के क्षेत्र में किशोरों को तलाशने में जुटे हैं।
तय स्थान के बजाय पुल के पास पहुंच गए थे किशोर
शुक्रवार को कनावर गांव के रहने वाले अभिजीत, मदन और कान्हा भदौरिया सहित आठ से दस लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए क्वारी नदी पर पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने विसर्जन के लिए एक निश्चित स्थान तय किया था, लेकिन ये सभी लोग पुल के पास चले गए। वहां पुल निर्माण के कारण नदी में गहरे गड्ढे बने हुए हैं, और विसर्जन के दौरान पैर फिसलने से तीनों किशोर गहरे पानी में उतर गए और डूब गए।
बारिश और तेज हवाओं के कारण रेस्क्यू में आ रही मुश्किलें
इस हादसे के बाद साथ मौजूद अन्य युवकों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। शुक्रवार को भी लगभग दो घंटे तक तलाश की गई थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान बंद करना पड़ा था। वर्तमान में बारिश की वजह से क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ गया है और तेज हवाओं के कारण पानी का बहाव भी काफी तेज है, जिससे बचाव दल को नदी के भीतर सर्चिंग करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!