सेवा संकल्प अभियान की प्रेसवार्ता में उठा उम्र का सवाल

भिंड सर्किट हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देने के लिए एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया था। इस दौरान भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। प्रेसवार्ता के दौरान जब उनसे प्रधानमंत्री की उम्र और उनके जन्मदिन को लेकर सवाल पूछा गया, तो वे स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आए।

पत्रकारों द्वारा बार-बार पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की उम्र 74, 75 या 76 वर्ष जो भी हो, इससे क्या फर्क पड़ता है। उनका यह बयान स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। इस दौरान उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री ओपीएस भदौरिया और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया भी मौजूद रहे।

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। प्रवक्ता ने बताया कि प्रदेश के 71,930 मतदान केंद्रों के साथ-साथ भिंड जिले के सभी बूथों पर 17 सितंबर की शाम 7 बजे आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री के यशस्वी जीवन और लंबी उम्र की कामना की जाएगी।

अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को जोड़ने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

विकास कार्यों और चंबल के मुद्दों पर चर्चा

पिरोनिया ने कांग्रेस के शासनकाल की तुलना मौजूदा सरकार से करते हुए दावा किया कि जो कार्य पिछले 70 सालों में नहीं हुए, वे मोदी सरकार के कार्यकाल में पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद चंबल अंचल से डकैत समस्या का खात्मा हुआ है, तथा बिजली, पानी और बुनियादी सुविधाओं में सुधार आया है।

उन्होंने आतंकवाद पर नकेल कसने, राम मंदिर निर्माण और कश्मीर से जुड़े मुद्दों का समाधान होने का भी जिक्र किया। हालांकि, जब पत्रकारों ने ग्वालियर-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग-719 के चौड़ीकरण का मुद्दा उठाया और सड़क हादसों में हो रही मौतों का जिक्र किया, तो पिरोनिया ने इस संबंध में जानकारी न होने की बात कही और इस मुद्दे को उचित मंच पर उठाने का आश्वासन दिया।