भिंड रेलवे स्टेशन अब यात्रियों के स्वागत के लिए एक नए और आधुनिक रूप में तैयार हो रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं और इसके प्रस्तावित उद्घाटन से पहले मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।

इस दौरान डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन से पूर्व सभी कार्य तय समय-सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।

आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन भवन के नए बाहरी स्वरूप, प्रवेश और निकास द्वारों, प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग काउंटर, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाओं, प्रकाश व्यवस्था, साइनेज और स्वच्छता का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने सुरक्षा और संरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। डीआरएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान यात्रियों और आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

सौंदर्यीकरण और यातायात प्रबंधन पर जोर

स्टेशन परिसर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और दिशा-सूचक संकेतकों को अंतिम रूप देने के निर्देश भी दिए गए। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित भिंड रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस होगा।

नए स्वरूप में स्टेशन की इमारत स्थानीय विरासत और आधुनिक अधोसंरचना का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करेगी। उम्मीद है कि इससे यात्रियों को यात्रा का बेहतर अनुभव मिलेगा और साथ ही क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार एवं विकास को भी नई दिशा मिलेगी।