भिंड जिले के अंचल में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी सूरज कुमार वर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए आलमपुर थाना पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी फरार बदमाश को धर दबोचा है।

हार्वेस्टर के पैसों को लेकर हुआ था विवाद

आलमपुर थाना प्रभारी सोहनीश तोमर ने पूरे मामले की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गत 5 दिसंबर 2025 को एक स्थानीय नागरिक ने थाने पहुंचकर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित का पक्ष था कि उसने हार्वेस्टर से धान कटाई कराई थी और जब वह अपनी मजदूरी के पैसे मांगने गया, तो आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों और बंदूकों से हमला बोल दिया।

घर पर आकर की थी अंधाधुंध फायरिंग

विवाद केवल खेत तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि आरोपियों ने पीड़ित के घर तक पहुंचकर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद आलमपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

मुखबिर की सूचना पर मंदिर के पास से पकड़ाया

वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी राघवेंद्र उर्फ अन्नू धाकड़ पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा था, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस को बीती देर रात मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली, जिसके आधार पर बाराही माता मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लहार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम में संतोष कुमार, योगेन्द्र शर्मा, सिद्धांत कौरव, सौरभ शुक्ला, मंगल सिंह और जितेंद्र सिहारे शामिल रहे। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।