भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्योढ़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां मंगलवार दोपहर को अपने खेत पर कृषि कार्य कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई।

ट्रांसफार्मर के खुले तार की चपेट में आए किसान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्योढ़ा गांव निवासी 46 वर्षीय परमाल सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह भदौरिया मंगलवार को दोपहर के समय अपने खेतों पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे वहां लगे ट्रांसफार्मर से निकले एक खुले तार के संपर्क में आ गए, जिससे उन्हें तेज झटका लगा और वे वहीं खेत में अहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की भनक लगते ही परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल भिंड लेकर आए। हालांकि, अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद परमाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे हादसे की जांच आरंभ कर दी है, वहीं अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।