भिंड जिले के गोहद थाना इलाके में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय महिला ने अपने ही रिश्ते के जीजा पर उधारी के पैसे वापस करने का झांसा देकर खेत पर ले जाने, वहां उसे रातभर बंधक बनाने और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है।

ब्यूटी पार्लर के लिए दिए थे पैसे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोहद कस्बे में रहने वाली पीड़िता ब्यूटी पार्लर का संचालन करती है। उसका आरोपी सुनील जाटव के साथ दूर का पारिवारिक रिश्ता है। महिला ने अपने कारोबार के सिलसिले में आरोपी को कुछ रकम उधार दी थी। इसी उधार दिए गए पैसों को लौटाने का बहाना बनाकर आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था।

खेत पर ले जाकर की गईवानियत

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी पैसे देने के नाम पर उसे अपने खेत पर ले गया। वहां रात करीब 11 बजे से लेकर सुबह के 5 बजे तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। महिला ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस पूरी अवधि के दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म जैसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

घटना के बाद डरी-सहमी पीड़िता गुरुवार को सीधे गोहद थाने पहुंची और अपनी आपबीती पुलिस अधिकारियों को सुनाई। पुलिस ने शुरुआती जांच-पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

फिलहाल गोहद थाना पुलिस फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पीड़िता के बयानों तथा चिकित्सा परीक्षण के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।