भिंड जिले के लहार कस्बे में रविवार शाम को सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए फायरिंग की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शराब के नशे में उपजे विवाद के दौरान चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रैफर किया गया है।

पुरानी चुंगी के पास हुई थी तीखी झड़प

यह पूरी घटना रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे पुरानी चुंगी इलाके में घटित हुई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भीकमपुरा के रहने वाले बिक्कू उर्फ विवेक सिंह राजावत का किसी बात को लेकर राहुल उर्फ छुन्नू सिंह से आमना-सामना हो गया था।

शराब के नशे में धुत दोनों युवकों के बीच पहले तो मामूली कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और गंभीर विवाद में तब्दील हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।

कट्टे से किए गए फायर से मची भगदड़

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी राहुल उर्फ छुन्नू सिंह ने आवेश में आकर अपने पास मौजूद देसी कट्टा निकाल लिया और विवेक सिंह राजावत पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे विवेक के बाएं पैर की जांघ में जा धंसी।

फायरिंग की इस अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायल युवक को संभाला।

अस्पताल से ग्वालियर किया गया रैफर

परिचितों और स्थानीय लोगों की सहायता से लहूलुहान हालत में विवेक को तुरंत लहार के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और फौरन ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है और मामले की कानूनी पड़ताल की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक लहार थाने में इस मामले को लेकर आधिकारिक तौर पर एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।