भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र अंतर्गत रूहानी जागीर रोड पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा टल गया। यहां मिट्टी से भरे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने आगे चल रहे ई-रिक्शा को ओवरटेक करते समय अचानक कट मार दिया, जिससे बच्चों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया।

सीएम राइज स्कूल के बच्चे थे सवार

यह घटना लहार कॉलेज से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक माताप्रसाद दोहरे क्षेत्र के सीएम राइज स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर विद्यालय जा रहे थे। वाहन में नीरज (10) और किशन (8) सहित अन्य बच्चे सवार थे।

जैसे ही ई-रिक्शा रूहानी जागीर रोड पर पहुंचा, वैसे ही बगल से गुजर रहे मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ने लापरवाही से कट मारा। कट लगते ही चालक का नियंत्रण ई-रिक्शा से छूट गया और वह सीधे खेत में जा गिरा।

मची अफरा-तफरी, चालक मौके से फरार

वाहन पलटने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बच्चों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि दो छात्रों को मामूली चोटें जरूर लगीं।

हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक अपने वाहन को लेकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक माताप्रसाद दोहरे ने लहार थाने पहुंचकर इस मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

ग्रामीणों ने जताई नाराजगी

इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने इलाके में बेकाबू दौड़ रहे मिट्टी के डंपरों और ट्रैक्टरों पर गहरी नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि इन वाहनों की तेज रफ्तार के कारण स्कूली बच्चों और आम राहगीरों की जान हमेशा खतरे में रहती है।

क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मिट्टी के अवैध और तेज परिवहन पर रोक लगाई जाए, साथ ही लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।