भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में दो महीने पहले सामने आए एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मासूम बच्ची की मौत कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि उसकी अपनी ही मां और उसके प्रेमी द्वारा रची गई खौफनाक साजिश थी।

पति के दोस्त से हो गया था प्रेम

आरोपी महिला ज्योति की शादी करीब आठ-नौ साल पहले अटेर क्षेत्र के ज्ञानपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे थे, जिनमें आठ साल का बेटा और छह साल की बेटी शामिल थी। महिला का पति गुजरात के वडोदरा में रहकर पेंटिंग का काम करता था।

वडोदरा में ही पति की मुलाकात भिंड के मेहरा गांव निवासी रामशंकर शर्मा उर्फ पल्लू से हुई थी। रामशंकर का गांव महिला के मायके मेहरी के पास होने के कारण वह उसे भाई मानती थी। पति के पास फोन न होने पर वह रामशंकर के मोबाइल से घर बात करता था, जिससे महिला और रामशंकर के बीच बातचीत शुरू हो गई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं।

मासूम ने दी थी नाना-नानी को बताने की धमकी

महिला ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसका पति शराब के नशे में रहता था और घर की जरूरतें पूरी नहीं करता था। रामशंकर से आर्थिक मदद मिलने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध गहरे हो गए। पति को जब इस बात का पता चला, तो विवाद के बाद महिला अपने मायके चली गई और बाद में प्रेमी के साथ वहां से निकल गई।

इस दौरान साथ रह रही छह साल की मासूम बच्ची ने अपनी मां और उसके प्रेमी की करतूत देख ली थी। बच्ची ने जिद पकड़ ली थी कि वह इस बारे में अपने नाना-नानी को सब कुछ बता देगी।

ग्वालियर से धरे गए आरोपी

राज खुलने के डर से घबराए मां और उसके प्रेमी ने मिलकर मासूम की हत्या की खौफनाक योजना बनाई। मां ने खुद अपनी ही बेटी के हाथ पकड़े और प्रेमी ने गला घोंटकर उसकी जान ले ली, जिसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया गया था।

रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला ज्योति और उसके प्रेमी रामशंकर को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।