अंचल के भिंड जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला लहार-सिकरी मार्ग का है, जहां दो तेज रफ्तार बाइकें आमने-सामने से आपस में टकरा गईं। इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला और उसके जवान बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

लालपुरा निवासी थे मृत मां-बेटे

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से प्रशासन को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को तुरंत लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों की पहचान छोटू उर्फ दिग्विजय (20) पुत्र रामनरेश और उनकी मां गुड्डी देवी (40) पत्नी रामनरेश के रूप में हुई है। दोनों ही लालपुरा के निवासी थे।

तेज रफ्तार के कारण हुई भीषण भिड़ंत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा सिकरी जागीर के पास हुआ। दोनों मोटरसाइकिलें काफी तेज गति में थीं, जिसके कारण चालक उनपर नियंत्रण नहीं रख सके और आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि छोटू उर्फ दिग्विजय और गुड्डी देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

अस्पताल में भर्ती हैं अन्य दो घायल

इस दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार अमन सिंह राजावत (21) पुत्र बसराय सिंह राजावत (निवासी झोरायुरा, हाल हीरापुरा, लहार) और भगवानदास (45) (निवासी वार्ड-14, भीकमपुरा रोड, अशोक स्कूल के पास लहार) घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए लहार अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

दुर्घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और टक्कर के वक्त वाहनों की वास्तविक गति क्या थी।