भिंड जिले के आलमपुर थाना क्षेत्र के रुरई गांव में बीती रात गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां अज्ञात हमलावरों ने एक 25 वर्षीय युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसे बाद में बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रैफर करना पड़ा।

कुत्तों के भौंकने पर बाहर आया था युवक

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, रुरई गांव निवासी 25 वर्षीय जितेंद्र चौहान पुत्र घनश्याम चौहान रात करीब दो बजे अपने घर पर थे। अचानक बाहर कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर वे माजरा समझने के लिए घर से बाहर निकले।

बाहर आने पर उन्होंने देखा कि दो संदिग्ध लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर के सामने से बार-बार आ-जा रहे हैं। इतनी रात को संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जितेंद्र ने उन्हें वहां से आने-जाने का कारण पूछ लिया।

टोकने पर हुआ विवाद और मारी गोली

जितेंद्र द्वारा रोके जाने और पूछताछ करने पर बाइक सवार भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज व विवाद करने लगे। बहस बढ़ने पर उनमें से एक आरोपी ने अचानक कट्टा निकालकर जितेंद्र पर फायर झोंक दिया, जो सीधे उनकी दाहिनी जांघ में जा लगा।

गोली चलने की आवाज सुनकर पीड़ित के परिजन और आसपास के लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। गोली मारने के बाद दोनों हमलावर अपनी बाइक समेत अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार होने में कामयाब रहे।

अस्पताल से ग्वालियर किया गया रैफर

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल जितेंद्र चौहान को फौरन आलमपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

वहां मौजूद डॉक्टर ओ.पी. जाटव और डॉक्टर रवि सोलंकी ने घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और फिर उसे ग्वालियर के लिए रैफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस मामले को लेकर थाना प्रभारी सोहनीश तोमर का कहना है कि शुरुआती तौर पर मामला कुछ संदिग्ध लग रहा है और पुलिस हर पहलू से इसकी गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि घायल युवक के होश में आने और बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकेगा।