भिंड जिले के लहार उपखंड में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। बुधवार शाम को कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने आदेश जारी करते हुए लहार एसडीएम महेंद्र सौजन्या से उनका प्रभार वापस ले लिया है। अब उन्हें जिला मुख्यालय में डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है।
पटवारी संघ ने की थी अमर्यादित व्यवहार की शिकायत
यह प्रशासनिक कार्रवाई पटवारी संघ द्वारा की गई गंभीर शिकायतों और उसके बाद चली जांच के आधार पर की गई है। संघ ने एसडीएम पर महिला पटवारी के साथ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करने और कामकाज की समीक्षा के दौरान पटवारियों को अलग-अलग बुलाकर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
मामला तब और गरमा गया जब 8 सितंबर को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक के दौरान हुए कथित विवाद को लेकर बड़ी संख्या में पटवारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।
वकीलों ने किया था एसडीएम का समर्थन
दूसरी ओर, इस विवाद में स्थानीय अधिवक्ता भी आमने-सामने आ गए थे। लहार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास बिरथरे के नेतृत्व में वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के समर्थन में उतरकर पटवारियों की कार्यशैली पर ही सवाल खड़े कर दिए थे।
वहीं, हटाए गए अधिकारी महेंद्र सौजन्या ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया था। उनका कहना था कि उन्होंने केवल निर्धारित कार्यालयीन समय के दौरान ही पटवारी को बुलाया था और बातचीत के दौरान पूरी तरह से मर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया था।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!