भिंड जिले के शासकीय एमजेएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बुधवार को सिटी कोतवाली थाने के बाहर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र कॉलेज परिसर से पैदल मार्च निकालते हुए थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।

सहायक प्राध्यापक की शिकायत पर हुआ था मामला दर्ज

पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में छात्रों ने बताया कि छात्र नेता विपिन यादव के खिलाफ कॉलेज के सहायक प्राध्यापक सुनील त्रिपाठी की शिकायत पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। छात्रों का कहना है कि इस मामले में पुलिस की कार्रवाई एकतरफा रही है।

पहले दिए गए साक्ष्यों की अनदेखी का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने से पहले ही छात्र नेता ने पुलिस अधीक्षक और सीएसपी कार्यालय में आवेदन देकर अपना पक्ष रखा था। उन्होंने अपने बचाव में जरूरी साक्ष्य भी पेश किए थे, लेकिन पुलिस ने उन पर गौर किए बिना ही मामला दर्ज कर लिया।

छात्रों की मांग थी कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और छात्र नेता द्वारा पहले दिए गए सबूतों को भी तफ्तीश में शामिल किया जाए। उनका कहना था कि इस प्रकार की जल्दबाजी से छात्र के शैक्षणिक भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

अधिकारियों ने दिया जांच का भरोसा

थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से ज्ञापन लिया और उनकी बात को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की पूरी पारदर्शिता के साथ जांच कराई जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।