फफूंद लगी गुजिया मिलने से गरमाया मामला
भिंड जिले के आलमपुर कस्बे में बुधवार की सुबह एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। थाने के नए भवन निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे राघवेंद्र ने सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे स्थानीय बाजार की एक दुकान से नाश्ते के लिए गुजिया खरीदी थी। जब उसने गुजिया का पैकेट खोला तो उसमें फफूंद लगी हुई पाई गई।
इस बात की जानकारी जब आसपास के लोगों को लगी तो स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी तक पहुंचाई। मजदूर ने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की है, जिसके बाद विभाग द्वारा गुरुवार को कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया था।
गुरुवार सुबह उड़ गई टीम के पहुंचने की अफवाह
शिकायत के आधार पर गुरुवार की सुबह जैसे ही खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम के आलमपुर पहुंचने की खबर फैली, वैसे ही खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। सुबह करीब दस बजते-बजते दुकानदारों ने बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए।
कार्रवाई के डर से कस्बे की करीब दो दर्जन दुकानें दिनभर बंद रहीं। व्यापारी अपनी दुकानें बंद करके पूरे दिन स्थिति का जायजा लेते नजर आए, जिससे मुख्य बाजार में खरीदारों की आवाजाही ठप रही और सन्नाटा छाया रहा।
खाद्य अधिकारी बोलीं- अब होगी औचक कार्रवाई
शिकायत सामने आने पर दुकानदारों को पहले ही कार्रवाई की भनक लग जाती है, जिससे वे सतर्क हो जाते हैं। भविष्य में खाद्य प्रतिष्ठानों पर बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक छापामार कार्रवाई की जाएगी। - रेखा सोनी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!