भिंड जिले के गोहद क्षेत्र के डरमन पाली इलाके में क्रेशर संचालन और गिट्‌टी परिवहन का कार्य बड़े पैमाने पर होता है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वैध और अवैध डंपर गुजरते हैं। हाल ही में गिट्टी से भरे एक वाहन पर की गई कार्रवाई को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

ट्रांसपोर्टर ने वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप

गाड़ी के मालिक एवं ट्रांसपोर्टर सतेंद्र सिंह ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने गोहद एसडीएम विकास कैमोर पर दो लाख रुपये मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गुरुवार रात उनका डंपर डरमन पाली से गिट्टी लेकर निकला था, जिसे गोहद थाने के पास रोक लिया गया।

सतेंद्र सिंह के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एसडीएम, उनके ड्राइवर और खुद को स्टेनो बताने वाला एक व्यक्ति मौजूद था। वाहन को करीब दो घंटे तक थाने के पास खड़ा रखा गया और बाद में कृषि मंडी परिसर में खड़ा करा दिया गया। ट्रांसपोर्टर ने दावा किया कि मामले के खुलासे और सेटलमेंट के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी।

कलेक्टर से की गई है मामले की जांच की मांग

वायरल वीडियो में ट्रांसपोर्टर ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने असमर्थता जताई तो डंपर की बैटरी के तार तक निकलवा लिए गए। इस संबंध में सतेंद्र सिंह ने भिंड कलेक्टर केएल मीना को शिकायत भेजकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और कार्रवाई की मांग उठाई है।

एसडीएम ने नकारा आरोप, कहा- बदमाशों के चलते हैं अवैध डंपर

दूसरी ओर, गोहद एसडीएम विकास कैमोर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई रोके जाने और डंपर पकड़े जाने पर इस तरह के आरोप लगाए जाना स्वाभाविक है। एसडीएम ने कहा कि अच्छे और वैध लोगों के अवैध डंपर नहीं चलते, बल्कि यह सब असामाजिक तत्वों द्वारा किया जाता है, इसलिए ऐसे बयानों से कोई फर्क नहीं पड़ता।