भिंड जिले के गोहद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खितौली में रविवार को जमीन के पुराने कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में गांव के पूर्व सरपंच को अपनी जान गंवानी पड़ी।

खेत की जुताई के दौरान हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 50 वर्षीय पूर्व सरपंच सब्बीर खान रविवार दोपहर ट्रैक्टर की मदद से अपने खेत की जुताई करवा रहे थे। इसी दौरान जमीन के स्वामित्व और हक को लेकर दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए और विरोध जताने लगे।

देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई जो कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सब्बीर खान को चारों तरफ से घेर लिया और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

फायरिंग के दौरान सब्बीर खान को दो गोलियां लगीं और वह गंभीर हालत में खेत में ही गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोग आनन-फानन में उन्हें गोहद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नजदीकी रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप

पूर्व सरपंच की मौत की खबर मिलते ही खितौली गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इस वारदात के पीछे नजदीकी रिश्तेदारों का हाथ होने का आरोप लगाया है।

क्षेत्र में संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसडीओपी रविंद्र वास्कले ने बताया कि शुरुआती जांच में जमीनी विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।