जिलेभर में शिक्षक संगठनों का प्रदर्शन
भिंड जिले में TET परीक्षा को लेकर शिक्षकों में रोष व्याप्त है और वे पिछले करीब एक महीने से इसके विरोध में लामबंद हैं। इसी कड़ी में रविवार को भिंड के साथ-साथ लहार, रौन, मेहगांव, गोहद और अटेर ब्लॉक में भी शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किए।
शिक्षकों का तर्क है कि वे पिछले लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और पूर्व में ही सभी आवश्यक व्यावसायिक परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। उनका कहना है कि इस उम्र और अनुभव के पड़ाव पर दोबारा TET परीक्षा थोपने से उन पर मानसिक और प्रशासनिक दबाव बढ़ रहा है।
लहार में पढ़ा हनुमान चालीसा
विरोध के अनूठे क्रम में लहार क्षेत्र के शिक्षक संगठन के अध्यक्ष संतोष लहारिया के नेतृत्व में तमाम शिक्षक स्थानीय कांक्शी हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और सरकार को सद्बुद्धि मिलने की कामना की।
संतोष लहारिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पढ़ाने का कार्य कर रहे शिक्षकों को बार-बार परीक्षाओं के झंझट में उलझाया जा रहा है, जिससे वे मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इस नियम को वापस नहीं लेती, तब तक उनका यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
कांग्रेस नेता भरत चौधरी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया समर्थन
उधर, भिंड कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेता भरत चौधरी ने शिक्षकों से मुलाकात की और उनकी पीड़ा को जाना। उन्होंने कहा कि सालों से नौनिहालों का भविष्य गढ़ रहे शिक्षकों की दोबारा योग्यता परखना बिल्कुल गलत है।
भरत चौधरी ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से शिक्षकों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संघ के प्रमुख पदाधिकारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से चर्चा की जाएगी तथा इस न्यायोचित मांग को प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!