भिंड जिले के रावतपुरा थाना अंतर्गत टोला गांव के रहने वाले 35 वर्षीय नरेश जोशी का शव सोमवार की रात बरेई गांव के हार में एक नीम के पेड़ से फंदे पर लटका हुआ मिला। युवक पिछले कुछ दिनों से लापता चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी।

रक्षाबंधन के दिन से गायब था युवक

परिजनों के अनुसार मृतक नरेश जोशी रक्षाबंधन के पर्व वाले दिन से ही घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। परिवार के लोगों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लग पाया था। घटना के बाद से ही घर में चिंता का माहौल बना हुआ था।

भाई ने खेत के पास देखा शव

सोमवार की देर शाम मृतक के भाई रामकिशोर बरेई मौजा स्थित बलराम त्रिपाठी के खेत में पहुंचे थे और बाजरे की फसल से मवेशियों को भगा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों के बीच स्थित नीम के पेड़ पर लटके हुए शव पर पड़ी, जिसकी हालत देखकर वह दंग रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही रावतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फंदे पर लटके शव को नीचे उतारा और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लहार अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

मानसिक स्थिति थी कमजोर और तंगहाली

शव काफी पुराना होने के कारण उस पर सड़न शुरू हो गई थी और घटनास्थल पर दुर्गंध फैल गई थी। प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतक नरेश मानसिक रूप से बीमार थे और उनका परिवार बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति से गुजर रहा है।

परिजनों की माली हालत इतनी खराब थी कि उनके पास कफन खरीदने तक के पैसे नहीं थे। इस दयनीय स्थिति को देखते हुए रावतपुरा थाने के एएसआई मुकेश बाथम ने आगे आकर पीड़ित परिवार को कफन के लिए अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की।