त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ सख्ती

भिंड जिले में त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्टर पवन कुमार जैन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है, ताकि आमजन तक शुद्ध खाद्य सामग्री पहुंच सके।

रतवा रोड की डेयरी पर चल रहा था खेल

खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर, नायब तहसीलदार बलबीर सिंह भदौरिया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी की संयुक्त टीम ने मौ क्षेत्र की विभिन्न डेयरियों की जांच की। इसी क्रम में जब टीम रतवा रोड स्थित हरिराम राठौर की डेयरी पर पहुंची, तो वहां चौंकाने वाला मामला सामने आया। इस डेयरी में दूध के साथ रिफाइंड तेल और वनस्पति मिलाकर नकली मावा बनाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से 35 किलोग्राम संदिग्ध मावा और 28 लीटर रिफाइंड तेल व वनस्पति का मिश्रण अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा ग्राम गुमारा में मेहताब सिंह गुर्जर की डेयरी से भी मावा और घी के आधिकारिक नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।

रावतपुरा और अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी निरीक्षण

खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल ने भी स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर ग्राम रावतपुरा के कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान त्रिपाठी किराना स्टोर से नमक का नमूना लिया गया, जो संजीव त्रिपाठी उर्फ पंकज त्रिपाठी द्वारा संचालित किया जा रहा था।

जांच अभियान के दायरे में अन्य दुकानदार भी आए। टीम ने ग्राम बिजोरा के रहने वाले मुनेश कुशवाह के यहां से बर्फी तथा अतर सिंह परिहार के प्रतिष्ठान से बेसन के लड्डू के सैंपल भरे। साथ ही प्रेम नारायण गुप्ता उर्फ पिंटू की दुकान की भी बारीकी से जांच की गई।

लैब रिपोर्ट आने के बाद तय होगी अगली कार्रवाई

विभाग द्वारा विभिन्न जगहों से एकत्रित किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट हाथ आने के बाद नियमों के तहत दोषियों के विरुद्ध वैधानिक और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।