भिंड जिले में त्योहारी सीजन के दौरान प्रतिबंध के बाद भी अवैध रूप से कार्बाइड गन बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्थानीय सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माधौगंज हाट के समीप स्थित एक वेल्डिंग की दुकान पर दबिश दी और वहां से सात निर्मित कार्बाइड गन बरामद कीं।
वेल्डिंग दुकान पर चल रहा था अवैध निर्माण
पुलिस जांच में सामने आया कि सरोज नगर के रहने वाले 27 वर्षीय सईम खां पुत्र सलीम खां द्वारा अपनी वेल्डिंग की दुकान पर इन खतरनाक गनों को तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से वेल्डिंग मशीन, लोहे का हथौड़ा और पांच छड़ों समेत अन्य सामान जब्त किया है। अधिकारियों के मुताबिक इस पूरी जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपए आंकी गई है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर हुई कार्रवाई
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अनीता गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी त्योहारों और दीपावली के मद्देनजर क्षेत्र में तेज आवाज करने वाली प्रतिबंधित कार्बाइड गन और पटाखों की खरीद-बिक्री व निर्माण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस दल ने माधौगंज हाट के पास स्थित दुकान पर यह औचक कार्रवाई की।
जिला प्रशासन के प्रतिबंध आदेश का खुला उल्लंघन
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने त्योहारी सीजन में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोहे, स्टील या पीवीसी पाइप में विस्फोटक सामग्री भरकर तेज आवाज करने वाली कार्बाइड गन के निर्माण, परिवहन, भंडारण, खरीद-बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 547/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए), विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) तथा आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ए) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन के साथ-साथ नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में सफलतापवूर्क पूरी की गई।






टिप्पणियाँ 2
बहुत बढ़िया और संतुलित रिपोर्टिंग। ग्वालियर चंबल टाइम्स पर भरोसा बना रहता है।
अंचल की खबरें इतनी डिटेल में और कहीं नहीं मिलतीं। शुक्रिया!